एक साल में ही उड़े रीवा की ‘मॉडल रोड’ के परखच्चे, प्रशासन पर उठ रहे सवाल

Model Road

रीवा: शहर के विकास दावों की पोल खोलती एक बड़ी खबर सामने आई है। शहर के पड़रा तिराहे से कृषि कॉलेज, विक्रम पुल और पचमठा होते हुए टाइगर सफारी तक बनाई गई आधुनिक ‘मॉडल रोड’ निर्माण के महज एक साल के भीतर ही अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। घटिया निर्माण गुणवत्ता के कारण जगह-जगह सड़क उखड़ चुकी है और उसके परखच्चे उड़ गए हैं।

पहली ही बरसात में खुली पोल

प्रारंभ में इस सड़क को सीमेंटेड बनाकर और दोनों किनारों पर पेवर ब्लॉक लगाकर एक सुंदर व आधुनिक स्वरूप दिया गया था। हालांकि, पहली ही बरसात और एक साल का समय बीतते ही इस सड़क की असलियत सामने आ गई। स्थिति यह है कि निर्माण के दौरान बनाई गई पुलिया से सटी हुई सड़क का हिस्सा नीचे धसक गया है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने का अंदेशा बना हुआ है।

लीपापोती में जुटा प्रशासन, जनता में आक्रोश

गंभीर बात यह है कि इतनी बड़ी लापरवाही के बाद भी जिम्मेदार विभाग ठोस कार्रवाई करने के बजाय केवल मलबे से पैचिंग कर लीपापोती करने में जुटे हैं। आवागमन को सुचारू दिखाने के नाम पर सिर्फ औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं, जिसे देखकर स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है और जनता के मुंह से यही निकल रहा है— “वाह रे रीवा का विकास!”

उच्च स्तरीय जांच की उठी मांग

महज कागजी सुंदरता का लेप पोतने और खानापूर्ति करने के बजाय स्थानीय लोगों और प्रबुद्ध जनों द्वारा इस घटिया सड़क निर्माण की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की जोरदार मांग उठाई जा रही है, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *