रीवा की रायपुर कर्चुलियान जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सगरा में विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। यहां कुल 2 करोड़ 70 लाख 36 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सगरा में पंचायत भवन (अटल ग्राम सेवा सदन) और सामुदायिक भवन समेत 1 करोड़ 82 लाख 21 हजार रुपए के पूरे हो चुके 15 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इसके तहत पिछले साल पंचायत भवन पर 37.50 लाख और सामुदायिक भवन पर 25 लाख रुपए खर्च किए गए थे। इसके अलावा सीसी रोड, नाली, कवर्ड पुलिया और हाट बाजार की दुकानें भी लोकार्पण सूची में शामिल हैं।

सगरा में ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए 88.15 लाख रुपए की लागत से होने वाले 15 नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। इन नए कार्यों में दो आंगनबाड़ी भवन, सीसी रोड, नाली, गड़रियन टोला प्राथमिक पाठशाला में शौचालय, पेवर ब्लॉक और तीन पानी की टंकियों का निर्माण शामिल है।

इस दौरान डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि गांवों में सड़क, पेयजल, स्वच्छता और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाओं से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। इस कार्यक्रम में सरपंच सावित्री पाल, सचिव जगमोहन पटेल और उपसरपंच संतोष मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




