Rewa police arrested an inter-district bike thief gang: रीवा पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) राजीव पाठक के नेतृत्व में सिटी कोतवाली पुलिस व सायबर क्राइम टीम ने शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरियों का बड़ा खुलासा किया है।
पुलिस ने मंगलवार देर रात मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना समेत 5 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिल (कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये) बरामद कीं।मुख्य सरगना अंसार शाह उर्फ बुग्गू (21) निवासी लखौरीबाग पहले से चोरी के एक मामले में फरार चल रहा था। 18 नवंबर की रात मुखबिर ने सूचना दी कि बुग्गू अपने साथी के साथ लखौरीबाग के राधा मंदिर के पास चोरी की बाइक बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल दबिश देकर बुग्गू और उसके साथी ऋषिराज चौधरी (24) निवासी निपनिया को पकड़ लिया। दोनों के पास से 5 चोरी की बाइक बरामद हुईं।पूछताछ में बुग्गू ने बताया कि उसने रीवा शहर के अलावा अन्य जिलों से चोरी की बाइकें अपने साथियों विक्रम विश्वकर्मा, शाबिर खान और शकील खान को सस्ते दामों में बेची थीं। पुलिस ने तुरंत रायपुर कर्चुलियान और गोविंदगढ़ में दबिश देकर बाकी तीनों आरोपियों को भी धर दबोचा। इनके पास से 7 और मोटरसाइकिल बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपी
- अंसार शाह उर्फ बुग्गू (21) लखौरीबाग
- ऋषिराज चौधरी (24) निपनिया
- विक्रम विश्वकर्मा उर्फ बिक्की (21) रायपुर कर्चुलियान
- शाबिर खान (18) रायपुर कर्चुलियान
- शकील खान (29) गोविंदगढ़
बरामद मोटरसाइकिल
टीवीएस लूना, हीरो स्प्लेंडर प्लस, हीरो स्प्लेंडर (4), हीरो एचएफ डीलक्स (2), होंडा शाइन, बजाज डिस्कवर (2), बजाज पल्सर 150 सीसी समेत कुल 12 बाइक। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 592/25 धारा 317(2), 317(5), 3(5) भारत न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि यह गिरोह काफी समय से रीवा और आसपास के जिलों में सक्रिय था। सभी बाइकों के मालिकों की तलाश की जा रही है और जल्द उन्हें बाइक सौंपी जाएंगी।कार्रवाई में थाना प्रभारी श्रृंगेश सिंह राजपूत, सायबर क्राइम टीम और अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।




