Rewa-Indore Indigo flight to start from December 22: रीवा। विंध्य क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की खबर! 22 दिसंबर से रीवा-इंदौर के बीच इंडिगो की सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रविवार को रीवा एयरपोर्ट का निरीक्षण किया और उड़ान के भव्य शुभारंभ की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की।
इस दौरान दिल्ली और मुंबई से आए इंडिगो एयरलाइंस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में एयरपोर्ट परिसर की व्यवस्थाओं, यात्री सुविधाओं और संचालन संबंधी सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह हवाई सेवा विंध्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। इससे क्षेत्र का विकास तेज होगा, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन को नई गति प्राप्त होगी। लोगों को अब लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा और समय की बचत होगी।

किराए पर डिप्टी सीएम की सख्ती
उड़ान शुरू होने की खुशी के बीच किराए को लेकर गंभीर मुद्दा उठा है। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इंडिगो को पत्र लिखकर प्रस्तावित किराए पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे आम यात्रियों, विशेष रूप से छात्रों और मध्यम वर्ग के लिए पूरी तरह अव्यवहारिक करार दिया।पत्र में स्पष्ट किया गया कि रीवा-इंदौर सेक्टर का बेसिक किराया 5,263 रुपये और अन्य महानगरों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स का किराया करीब 10 हजार रुपये रखा गया है, जो डायनामिक फेयर में और बढ़ जाता है।डिप्टी सीएम ने ठोस सुझाव देते हुए मांग की कि रीवा-इंदौर का किराया 3,500 से 4,000 रुपये और कनेक्टिंग फ्लाइट्स का 7,000 से 7,500 रुपये रखा जाए। इससे यात्री संख्या बढ़ेगी और एयरलाइंस को भी लंबे समय में अधिक लाभ होगा।विंध्यवासियों की वर्षों की मांग पूरी होने जा रही है, लेकिन किराया मुद्दे का जल्द समाधान होने पर ही यह सेवा वास्तव में जनहितकारी साबित होगी। क्षेत्रवासियों की निगाहें अब इंडिगो के जवाब पर टिकी हैं।
अधिक जानने के लिए आज ही शब्द साँची के सोशल मीडिया पेज को फॉलो करें और अपडेटेड रहे।
- Facebook: shabdsanchi
- Instagram: shabdsanchiofficial
- YouTube: @ShabdSanchi
- Twitter: shabdsanchi
