सप्तक्रांति और श्रमजीवी समेत कई ट्रेनों का दर्जा बदलेगा, किराया होगा कम

Indian Railways passenger train running on track after fare hike announcement

Indian Railway News: रेलवे ने पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस, सप्तक्रांति एक्सप्रेस और श्रमजीवी एक्सप्रेस सहित कई सुपरफास्ट ट्रेनों को सामान्य एक्सप्रेस ट्रेन में बदलने का फैसला किया है. इसके तहत इन ट्रेनों के नंबर बदले जाएंगे और एक जनवरी से नया नियम लागू हो जाएगा. इसका सीधा फायदा यात्रियों को किराए में कमी के रूप में मिलेगा.

सुपरफास्ट चार्ज हटने से सस्ता होगा सफर

रेलवे के नियम के मुताबिक जिन ट्रेनों की औसत स्पीड 55 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे ज्यादा होती है, उन्हें सुपरफास्ट माना जाता है और उनके नंबर 12 या 2 से शुरू होते हैं. ऐसी ट्रेनों में सफर करने पर यात्रियों से अलग से सुपरफास्ट चार्ज लिया जाता है.

अभी स्लीपर क्लास पर 30 रुपये, एसी चेयर कार, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी और सेकंड एसी पर 45 रुपये, जबकि फर्स्ट एसी और एग्जीक्यूटिव क्लास पर 75 रुपये सुपरफास्ट अधिभार लगता है. दर्जा बदलने के बाद यह चार्ज नहीं लगेगा.

क्यों लिया गया यह फैसला?

रेलवे अधिकारियों के अनुसार हर साल या नया टाइम टेबल लागू होने पर ट्रेनों की समयबद्धता और रफ्तार की समीक्षा की जाती है. कई बार स्टॉपेज बढ़ने, रूट पर ट्रैफिक बढ़ने या लगातार लेट होने की वजह से ट्रेन की औसत स्पीड 55 से नीचे आ जाती है, इसी कारण सुपरफास्ट का दर्जा हटाया जा रहा है.

किन ट्रेनों के नंबर बदलेंगे?

टनकपुर से पुरानी दिल्ली पूर्णागिरि जनशताब्दी का नंबर 12035 से बदलकर 15317 हो जाएगा, जबकि वापसी में 12036 से 15318 होगा.

देहरादून से काठगोदाम नैनी जनशताब्दी 12091 से 15315 और काठगोदाम से देहरादून 12092 से 15316 हो जाएगी.

मुरादाबाद से रामनगर कार्बेट पार्क लिंक एक्सप्रेस 25013 से 15313, रामनगर से मुरादाबाद 25014 से 15314 हो जाएगी। इसी तरह मुरादाबाद-रामनगर लिंक एक्सप्रेस 25035 से 15335 और रामनगर-मुरादाबाद 25036 से 15336 हो जाएगी.

इस्लामपुर से नई दिल्ली मगध एक्सप्रेस 20801 से 18633 और नई दिल्ली से इस्लामपुर 20802 से 18634 हो जाएगी.

दरभंगा से जालंधर सिटी अंत्योदय एक्सप्रेस 22551 से 15541 और जालंधर सिटी से दरभंगा 22552 से 15542 हो जाएगी.

पाटलिपुत्र से चंडीगढ़ सुपरफास्ट 22355 से 13255 और चंडीगढ़ से पाटलिपुत्र 22356 से 13256 हो जाएगी.

मुजफ्फरपुर से आनंद विहार टर्मिनल सप्तक्रांति एक्सप्रेस 12557 से 15577 और वापसी में 12558 से 15578 हो जाएगी.

राजगीर से नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस 12391 से 13291 और नई दिल्ली से राजगीर 12392 से 13292 हो जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *