रीवा संभागायुक्त और कलेक्टर ने सिलपरा व रौरा का किया औचक निरीक्षण, पीएम आवास योजना की परखी हकीकत

Rewa Divisional Commissioner and Collector conducted a surprise inspection of Silpara and Raura.

रीवा। शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए रीवा संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह और कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बुधवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत सिलपरा और रौरा ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर विकास कार्यों का जायजा लिया और सीधे ग्रामीणों से रूबरू हुए।

पीएम आवास के हितग्राहियों से की सीधी बात

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त और कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के उन हितग्राहियों से विशेष रूप से संवाद किया, जिनके मकानों का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है या अधूरा पड़ा हुआ है। अधिकारियों ने हितग्राहियों से निर्माण में आ रही अड़चनों और विलंब के कारणों की जानकारी ली और संबंधित मैदानी अमले को समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी और पंचायत भवनों की व्यवस्थाएं परखीं

अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों में स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और अन्य शासकीय संस्थानों का भी गहन निरीक्षण किया। संभागायुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं, पोषण आहार और स्वच्छता का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों, स्थानीय सरपंचों और पंचायत सचिवों से सीधे चर्चा कर गांव की मूलभूत समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

प्रशासनिक अमला रहा मौजूद

इस औचक निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ मोहताब सिंह गुर्जर सहित शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

आगे भी जारी रहेंगे मैदानी निरीक्षण: संभागायुक्त

निरीक्षण के बाद संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने स्पष्ट किया कि शासकीय योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में कसावट लाने के लिए इस प्रकार के औचक मैदानी भ्रमण आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *