Rewa University। अजब एपीएसयू प्रबंधन का गजब प्रशासन सामने आ रहा है। जंहा प्रबंधन ने परीक्षार्थी छात्रों को परीक्षा फार्म भरने की आखिरी डेट 31 जून पत्र में जारी कर दिया, लेकिन कैलेंडर में 31 जून कोई डेट ही नही है। ऐसे में छात्र पशोपेश में है कि उन्हे फार्म भरने का आखिरी मौका क्या होगा, क्योकि ये ऐसी तारीख है, जो कैलेंडर में है ही नहीं है।
अधिकारियों से होकर गुजरा पत्र
परीक्षा को लेकर जारी किया गया यह पत्र विश्वविद्यालय के न सिर्फ दस्तावेज में है, बल्कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी आदेश की प्रति जारी की गई है। यहां दिलचस्प पहलू यह है कि यह पत्र कम्प्युटर आपरेटर, बाबू, सहायक कुलसचिव समेत अन्य लोगों के संज्ञान में आया और सभी इस पत्र को जारी करने के लिए आगे जाने दिए, इस त्रटि पर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया।
ऐसा है मामला
दरअसल 22 जून को विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव की ओर से जारी की गई इस संशोधित अधिसूचना में सेमेस्टर पद्धति की जून महीने में होने वाली परीक्षा के लिए स्नातकोत्तर नियमित, भूतपूर्व, एटीकेटी आदि परीक्षार्थियों से परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन करने की तारीख बताई गई है। जिसमें एमए, एमएचएससी, एमएससी, एम कॉम, एमएसडब्ल्यू, एमबीए, एलएलएम पार्ट-2 आदि के लिए 22 जून से 31 जून 2026 तक सामान्य शुल्क समेत आवेदन करने का समय दिया गया है। इसके बाद एक जुलाई से परीक्षा संचालन के एक दिन पहले तक 1500 रुपए विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का अवसर दिया गया है।





