MP: रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर जबलपुर पहुंचे सीएम मोहन यादव, एयरपोर्ट का नाम वीरांगना के नाम पर रखने की कही बात

MP CM Mohan Yadav Jabalpur Visit: रानी दुर्गावती बलिदान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर पहुंचे और बरहा गांव स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जबलपुर में बन रहा रानी दुर्गावती स्मारक जल्द तैयार होगा। साथ ही राज्य सरकार जबलपुर एयरपोर्ट का नाम रानी दुर्गावती के नाम पर रखने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि क्षेत्र में बनने वाले नए चिड़ियाघर का नाम भी रानी दुर्गावती के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने वीरांगना के शौर्य, त्याग और बलिदान को देश की अमूल्य विरासत बताते हुए उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की बात कही।

MP CM Mohan Yadav Jabalpur Visit: गोंड साम्राज्य की वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को जबलपुर पहुंचे। उन्होंने बरहा गांव स्थित रानी दुर्गावती के समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की, पूजा-अर्चना की और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह भी मौजूद रहे।

100 करोड़ के स्मारक का निर्माण अंतिम चरण में

मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर में रानी दुर्गावती की 52 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा और लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे स्मारक का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की आधारशिला 5 अक्टूबर 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी और इसे जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा।

जबलपुर एयरपोर्ट के नामकरण का प्रस्ताव भेजेगी सरकार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रानी दुर्गावती भारतीय इतिहास की उन महान वीरांगनाओं में शामिल हैं जिन्होंने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इच्छा है कि जबलपुर एयरपोर्ट का नाम भी रानी दुर्गावती के नाम पर रखा जाए। इसके लिए केंद्र सरकार के समक्ष औपचारिक प्रस्ताव भेजा जाएगा।

गोंडवाना की धरती पर बलिदान को किया नमन

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती के बलिदान स्थल पर पहुंचकर गोंडवाना क्षेत्र की गौरवशाली विरासत और उनके अद्वितीय साहस को स्मरण करने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने रानी दुर्गावती के योगदान को सम्मान देने के लिए जबलपुर और संग्रामपुर में कैबिनेट बैठकों का आयोजन भी किया है।

रानी दुर्गावती के नाम पर बनेगा चिड़ियाघर

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि क्षेत्र में जल्द ही एक नए चिड़ियाघर का निर्माण किया जाएगा, जिसका नाम भी रानी दुर्गावती के नाम पर रखा जाएगा। इसके अलावा मध्य प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर ब्रिज को भी वीरांगना रानी दुर्गावती का नाम दिया गया है।

वीरांगना की स्मृतियों को संरक्षित करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रानी दुर्गावती के शौर्य, त्याग और बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्मारक, एयरपोर्ट नामकरण और अन्य परियोजनाएं इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *