पन्ना पुलिस ने ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का किया पर्दाफाश, 9 सदस्य गिरफ्तार, शादी के झांसे में की जाती थी लूट

PANNA NEWS

Panna Lootieri Dulhan: पन्ना पुलिस ने ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का भंडाफोड़ किया। शादी का झांसा देकर ठगी-लूट करने वाले 9 सदस्य (2 महिलाएं) गिरफ्तार। स्कॉर्पियो, बाइक, 10 मोबाइल, टैबलेट समेत लाखों का माल जब्त।

Panna Lootieri Dulhan: पन्ना जिले की पुलिस ने शादी का झांसा देकर लोगों से ठगी और लूट करने वाले एक संगठित गिरोह का बड़ा भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग के 9 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो कार, एक अपाचे मोटरसाइकिल, 10 मोबाइल फोन, एक टैबलेट और अन्य सामान जब्त किए हैं।

शादी का झांसा देकर की जाती थी ठगी

यह मामला पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र का है। फरियादी बसंत लाल त्रिपाठी (43 वर्ष), निवासी बृजपुर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब 15 दिन पहले एक परिचित के माध्यम से उनकी शादी की बात तय हुई। 23 फरवरी 2026 को फरियादी अपने साथियों के साथ पहाड़ीखेड़ा पहुंचे, जहां कथित दुल्हन और उसके सहयोगियों से मुलाकात हुई। मुलाकात के दौरान शादी के नाम पर पैसे की मांग की गई। जब फरियादी ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथियों को डराकर भगा दिया।

सुनसान जगह पर लूट और धमकी

उसी शाम करीब 7:30 बजे सफेद रंग की स्कॉर्पियो (क्रमांक MP17CB1759) से आए आरोपियों ने फरियादी को जबरन वाहन में बैठाया और सुनसान इलाके में ले जाकर झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने फरियादी का टैबलेट, 20 हजार रुपये नकद छीन लिए और यूपीआई पासवर्ड लेकर उसके खाते से 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। बाद में उसे सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू के निर्देशन में बृजपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर सूचना के आधार पर 26 फरवरी 2026 को पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड पर घेराबंदी कर 9 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने शादी का झांसा देकर सुनियोजित तरीके से ठगी और लूट करने की बात कबूल की। गिरोह में दो महिलाएं भी शामिल थीं, जो दुल्हन की भूमिका निभाती थीं।

जब्त सामान और आगे की कार्रवाई

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो कार, अपाचे बाइक, फरियादी का टैबलेट, 10 मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया है, जिनकी अनुमानित कीमत लाखों रुपये है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पन्ना पुलिस की इस सफल कार्रवाई से शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों पर बड़ा प्रहार हुआ है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और ऐसी धोखाधड़ी की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *