रीवा: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, ननिहाल आई मासूम की बेलन नदी में डूबने से दर्दनाक मौत

Painful death of an innocent child due to drowning in Belan river

रीवा। चाकघाट थाना क्षेत्र के पडरी गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां वैवाहिक कार्यक्रम की खुशियों के बीच एक मासूम बच्ची की जान चली गई। अपने ननिहाल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई मासूम रुचि कुमारी की बेलन नदी में डूबने से मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे गांव और पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, रुचि कुमारी अपने परिजनों के साथ ननिहाल में आयोजित शादी की रस्मों में शामिल होने आई थी। गुरुवार दोपहर वह घर के अन्य बच्चों के साथ खेलते-खेलते पास ही बह रही बेलन नदी के किनारे पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि किनारे पर खेलते समय अचानक बच्ची का पैर फिसल गया और वह संतुलन बिगड़ने के कारण सीधे गहरे पानी में जा गिरी।

बच्ची के पानी में गिरते ही साथ में मौजूद बच्चों और आसपास के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने बच्ची को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। जिस घर में कुछ देर पहले तक मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलने पर चाकघाट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए त्यौंथर सिविल अस्पताल भेज दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से मांग की है कि नदी के संवेदनशील घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *