रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के समान थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ पड़ोस में रहने वाले एक बुजुर्ग पर सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
अमरूद देने के बहाने बुलाया, फिर की घिनौनी करतूत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना कुछ दिन पूर्व की है जब मासूम बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले वृद्ध ने उसे अमरूद देने का लालच देकर अपने पास बुला लिया। आरोप है कि जैसे ही बच्ची उसके करीब पहुँची, आरोपी ने उसके सामने निर्वस्त्र होकर अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया। इस अचानक हुई घिनौनी हरकत से मासूम बुरी तरह घबरा गई और किसी तरह जान बचाकर वहाँ से भागकर अपने घर पहुँची।
मां को सुनाई आपबीती, पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
घर पहुँचकर डरी-सहमी बच्ची ने रोते हुए अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। बच्ची की आपबीती सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने मामले को लेकर बुधवार को समान थाने पहुँचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत तत्काल प्राथमिकी दर्ज की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
घटना से क्षेत्र में आक्रोश, अभिभावकों से निगरानी की अपील
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहाँ से अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि बच्ची के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, इस घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्यापत है। इस घटना के बाद पुलिस व स्थानीय प्रबुद्धजनों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे छोटे बच्चों पर विशेष निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।




