Negligence in SGMH Rewa: रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल (SGMH) में चिकित्सकों की कथित लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों के आरोप के अनुसार, सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक को रात 2 बजे डॉक्टरों ने स्वस्थ बताकर घर भेज दिया गया, लेकिन अगले दिन सुबह उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, 20 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के रामनई में बाबा ढाबे के पास एक बस ने बाइक सवार खुशीलाल विश्वकर्मा निवासी जौरउट, थाना मनगवां को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल संजय गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
परिजनों के मुताबिक, रात में डॉक्टरों ने उन्हें स्वस्थ घोषित कर छुट्टी दे दी। शनिवार सुबह जब तबीयत अचानक बिगड़ी, तो उन्हें दोबारा अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टरों ने बताया कि मरीज में हीमोग्लोबिन बहुत कम है। परिजनों ने तुरंत ब्लड की व्यवस्था की, लेकिन ब्लड चढ़ने से पहले ही खुशीलाल की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित जांच और कार्रवाई की मांग की है।
