Wireless Emergency Alert: अगर आपके फोन पर भी आज इमरजेंसी अलर्ट (Emergency Alert) आया है तो परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। यह भारत सरकार तथा NDMA की टेस्टिंग प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसके जरिए भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं और राष्ट्रीय आपात स्थितियों के दौरान लोगों तक तुरंत चेतावनी पहुंचाई जा सकेगी।
Wireless Emergency Alert: आज सुबह कई नागरिकों के स्मार्टफोन अचानक तेज आवाज के साथ बज उठे। स्क्रीन पर “Emergency Severe Alert” लिखा देखकर लोग घबरा गए, कुछ ने इसे स्कैम (Scam) भी समझ लिया। लेकिन यह कोई गड़बड़ी या फ्रॉड नहीं था। असल में भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा भेजा गया एक आधिकारिक टेस्ट मैसेज था।
NDMA का देशव्यापी परीक्षण
NDMA नए Wireless Emergency Alert System की जांच कर रहा है। इस प्रणाली का मकसद आपदा या किसी भी आपात स्थिति में लोगों तक तुरंत सूचना पहुंचाना है। सरकार ने सेल ब्रॉडकास्ट (Cell Broadcast) तकनीक का इस्तेमाल करते हुए यह टेस्ट किया, जिसमें किसी खास नंबर की जरूरत नहीं पड़ती।
क्या कहता है मैसेज?
सरकारी संदेश में साफ लिखा है कि भारत ने स्वदेशी तकनीक से Cell Broadcast Service शुरू की है, जिससे नागरिकों को आपदा की तत्काल चेतावनी मिल सकेगी। इसमें कहा गया है “सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र”। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यह केवल परीक्षण संदेश है और जनता को कोई कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है।
अलर्ट आने पर क्या करें?
जब फोन पर Emergency Alert आता है तो तेज अलार्म टोन के साथ स्क्रीन पर मैसेज दिखता है। इसका उद्देश्य तुरंत ध्यान खींचना होता है। फिलहाल ये सभी अलर्ट टेस्टिंग (Testing) का हिस्सा हैं। इसलिए अगर आपके फोन पर भी ऐसा मैसेज आए तो घबराएं नहीं। NDMA का कहना है कि भूकंप (Earthquake), बाढ़ (Flood), चक्रवात, सुनामी जैसी आपदाओं के दौरान यह सिस्टम कुछ ही सेकंड में लाखों लोगों तक सूचना पहुंचाएगा।
नई तकनीक कितनी खास है?
यह वायरलेस इमरजेंसी अलर्ट (Wireless Emergency Alert) सिस्टम क्षेत्र विशेष में सभी मोबाइल फोनों पर एक साथ अलर्ट भेज सकता है। यह सिर्फ प्राकृतिक आपदाओं तक सीमित नहीं रहेगा। भविष्य में युद्ध, आतंकी हमला या अन्य राष्ट्रीय आपात स्थितियों में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा।




