NDA CM Face in Bihar Election : बिहार चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल चरम पर हैं। एनडीए में सभी सहयोगी दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी है। जिसके बाद अब NDA के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी को लेकर गृहमंत्री अमित शाह के बयान के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। वहीं, आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने अपने बयान से एनडीए के मुख्यमंत्री पद के दावेदार के सवाल पर माहौल और भी गरम कर दिया है।
उपेंद्र कुशवाहा ने कहा- ‘नीतीश कुमार जी हमारे सीएम’
आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने यह साफ कर दिया है कि नीतीश कुमार ही इस चुनाव में उनके नेता हैं और चुनाव के बाद वही मुख्यमंत्री बनेंगे। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, “नीतीश कुमार जी हमारे सीएम चेहरे हैं। बिहार में चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जा रहा है। हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि हम जीतेंगे और उनके नेतृत्व में सरकार बनेगी।”
स्वार्थ के आधार पर बना है महागठबंधन – RLM
महागठबंधन पर भी उन्होंने हमला बोला। उनका कहना है, “महागठबंधन स्वार्थ के आधार पर गठित एक गठबंधन है, जिसका जनता से कोई लेना-देना नहीं है। बिहार की जनता इनके पक्ष में नहीं है, और इनकी चुनाव में स्थिति और खराब होने वाली है।”
महागठबंधन के हाथों से फिसल गई सत्ता – RLM
बिहार चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया, लेकिन जनता ने इनकी (महागठबंधन की) बातों को नकार दिया है। उन्होंने कहा, “सत्ता उनके हाथों से पहले ही फिसल चुकी है।”
लालू की सरकार में दलितों की उपेक्षा – RLM
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर भी उपेंद्र कुशवाहा ने टिप्पणी की। उनका आरोप है कि लालू यादव के शासन के दौरान दलितों और पिछड़े वर्गों का उचित सम्मान नहीं किया गया। पटना में उन्होंने कहा, “लालू यादव की सरकार के 15 सालों में कोई भी दलित या पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधि वार्ड सदस्य नहीं बन पाया। महिलाओं और पुरुषों दोनों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं हो पाया।”
यह भी पढ़े : Bihar Election 2025 : बिहार में कुर्ता फाड़ सियासी ड्रामा, राजद ने काटा टिकट तो फूटफूट कर रोने लगे मदन शाह
