रीवा। रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान बाईपास पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ नगर निगम के एक तेज रफ्तार कचरा वाहन ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
रोड क्रॉस करते समय हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा रीवा-मनगवां मार्ग स्थित रायपुर कर्चुलियान बाईपास पर हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार तीन युवक रोड क्रॉस कर रहे थे। इसी दौरान नगर निगम के शासकीय कचरा वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक मोटरसाइकिल सहित सड़क से काफी दूर जा गिरा।
ट्रक के पहियों के बीच फंसे घायल
हादसे के दौरान बाइक सवार दो युवक ट्रक के पिछले पहियों के बीच फंस गए। वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाई। दोनों घायलों को पहियों के बीच से निकालकर तत्काल इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने वाहन ज़ब्त कर जाँच शुरू की
हादसे में जान गंवाने वाले मृतक और दोनों घायलों की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान करने के प्रयास में जुटी हुई है। मौके पर पहुँची रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने नगर निगम के कचरा वाहन को ज़ब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।




