CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, MP में इसी महीने लागू होगा UCC

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) इसी महीने लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून लागू करना चाहती है और इसी दिशा में काम किया जा रहा है।

भोपाल में किया बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा भोपाल के कोलार रोड स्थित सतगढ़ी इलाके में बनने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क के भूमि-पूजन कार्यक्रम के दौरान की। इस मौके पर प्रदेश और देश के 200 से ज्यादा उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि सरकार चाहती तो सीधे विधानसभा में कानून पेश कर सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया। पहले प्रदेशभर के लोगों से सुझाव मांगे गए और इस पर 10 लाख से ज्यादा सुझाव मिले। अब उन्हीं सुझावों के आधार पर कानून तैयार किया जा रहा है।

‘सभी के लिए एक जैसा कानून होना चाहिए’

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर हिंदू समाज में एक शादी और सात फेरों की परंपरा है, तो सभी नागरिकों के लिए भी एक समान कानून होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड किसी धर्म के खिलाफ नहीं है, बल्कि सभी नागरिकों के लिए समान नियम बनाने की दिशा में एक कदम है।

अपने संबोधन में सीएम ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस कानून को किसी धर्म विशेष के खिलाफ बताने की कोशिश करेगा, लेकिन सरकार सभी नागरिकों के लिए समान नागरिक संहिता लागू करने के अपने फैसले पर कायम है।

उद्योगों को भी मिलेगी नई रफ्तार

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन भी किया। सरकार का कहना है कि इस परियोजना से भोपाल में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *