Mother poisoned two sons in Satna: मध्यप्रदेश के सतना जिले के बांधा गांव से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही दो मासूम बेटों को जहर पिला दिया। इस घटना में 8 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि 5 साल का छोटा बेटा समझदारी दिखाते हुए दवा थूककर अपनी जान बचाने में सफल रहा। पुलिस ने मामले में आरोपी मां ज्योत्सना शर्मा (28) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, महिला के पति कुंदन शर्मा गुजरात की एक फैक्ट्री में काम करते हैं और हाल ही में छुट्टी पर गांव आए थे। 9 मार्च को पत्नी को रामपुर बाघेलान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दिखाकर घर लौटने के बाद अगले दिन वह वापस ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। पत्नी ने अपनी खराब तबीयत का हवाला देते हुए कुछ दिन और रुकने की बात कही, लेकिन पति के न मानने पर विवाद बढ़ गया।
विवाद के दौरान आवेश में आकर पति ने कीटनाशक गोलियां खा लीं। पति की इस हरकत से घबराई पत्नी ने भी चूहा मार दवा पी ली। इसके बाद उसने अपने दोनों बेटों 8 वर्षीय आकाश और 5 वर्षीय छोटे बेटे को भी जबरन जहरीली दवा पिला दी।
घटना के दौरान छोटे बेटे ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए जहरीली दवा को थूक दिया और घर से बाहर भागकर अपने ताऊ चुनकाई को बुला लाया। ताऊ ने घर पहुंचकर तीनों की गंभीर हालत देखी और परिजनों की मदद से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान 10 मार्च को बड़े बेटे आकाश की मौत हो गई, जबकि 15 मार्च को पति-पत्नी की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की, जिसमें बच्चे को जबरन जहर पिलाने की पुष्टि होने पर आरोपी मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच पूरी होने के बाद 20 मार्च को पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और पारिवारिक विवादों के भयावह परिणामों को उजागर कर दिया है।
