रीवा जिले के नगर परिषद डभौरा में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए जतरी गांव के बदमाशों ने सरेबाजार व्यापारियों पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने क्रिकेट विकेट और डंडों से दुकानदारों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिससे पूरे कस्बे में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। इस घटना के विरोध में आक्रोशित व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर हरदोली चौराहे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब 6 घंटे तक वाहनों के पहिए थमे रहे।
उधारी के सामान को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत बुधवार सुबह शैलेंद्र गुप्ता की दुकान पर हुई। आरोपी अमित सिंह चौहान और महाजन सिंह दुकान पर पहुंचे और उधारी में सामान मांगने लगे। व्यापारी द्वारा उधारी देने से मना करने पर आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और बाजार में तांडव मचाना शुरू कर दिया।
बीच-बचाव करने आए लोग भी हुए लहूलुहान
बदमाशों का दुस्साहस इतना था कि उन्होंने बीच-बचाव करने आए 55 वर्षीय बुजुर्ग दीपू केसरवानी पर भी हमला कर दिया। इस मारपीट में गुलेंद्र, आयुष, अनिल और संजीव सहित आधा दर्जन व्यापारी गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सरेराह हुई इस गुंडागर्दी से व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त हो गया और उन्होंने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम
घटना की सूचना मिलते ही डभौरा पुलिस के साथ-साथ रीवा से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित होगी। अधिकारियों के ठोस आश्वासन और आरोपियों के घरों पर वैधानिक कार्रवाई की मांग पर सहमति बनने के बाद व्यापारियों ने 6 घंटे बाद जाम खोला। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।




