सीधी : पेट्रोल पंप पर नाबालिग को पिलर से बांधकर चोरी के आरोप में कर्मचारियों ने बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल

Minor tied to a pillar and beaten at a petrol pump in Sidhi

सीधी शहर के विजय फीलिंग पेट्रोल पंप पर नाबालिग के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में कर्मचारियों ने बच्चे को पिलर से बांधकर बेरहमी से पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कोतवाली थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस के पास अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है, शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पिलर से बांधकर की गई मारपीट

सीधी शहर स्थित मनीष अग्रवाल के विजय फीलिंग पेट्रोल पंप पर रविवार सुबह करीब 10 बजे एक नाबालिग बच्चे के साथ अमानवीय मारपीट की गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नाबालिग को पेट्रोल पंप के परिसर में एक पिलर से रस्सी से बांधा गया है। आसपास मौजूद लोग और पेट्रोल पंप के कर्मचारी उसकी लगातार धुनाई कर रहे हैं। पीड़ित बच्चा रहम की भीख मांगते हुए लोगों के पैर पकड़कर छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी एक नहीं सुनी।

चोरी के प्रयास का आरोप और गलत नंबर बताने पर पीटा

पेट्रोल पंप के कर्मचारियों का आरोप है कि पंप पर पहले भी कई बार चोरियां हो चुकी थीं। रविवार को यह नाबालिग पंप के पीछे बने घर में चोरी करने की नीयत से घुसा था, जहां से वह लोहे की पुरानी सरिया, पंप का कुछ सामान और वायर चुराने की कोशिश कर रहा था। कर्मचारियों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। पिटाई के दौरान जब कर्मचारियों ने उससे घर का नंबर मांगा और वह नंबर बंद निकला, तो कर्मचारियों ने उसे “पुराना और गलत नंबर” बताकर दोबारा बुरी तरह पीटा।

पुलिस बोली- अभी नहीं मिली कोई शिकायत

इस पूरी घटना के संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि फिलहाल पुलिस के पास इस मामले की कोई आधिकारिक जानकारी या शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत या आवेदन मिलता है, तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या चोरी की बात सामने आती भी है, तो जनता या कर्मचारियों को कानून अपने हाथ में लेने का कोई अधिकार नहीं है, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना देनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *