संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ रिलीज से कई महीने पहले ही चर्चा में आ गई है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल स्टारर इस फिल्म को लेकर ट्रेड इंडस्ट्री में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। खबर है कि फिल्म के थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स खरीदने के लिए कई बड़ी कंपनियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा चल रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, धर्मा प्रोडक्शंस, ज़ी स्टूडियोज और पेन मरुधर इस फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स हासिल करने की दौड़ में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इस डील की कीमत करीब 300 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
रिलीज से पहले ही करोड़ों की कमाई
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का बजट लगभग 300 से 400 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि फिल्म ने रिलीज से पहले ही अपनी लागत का बड़ा हिस्सा निकाल लिया है।
बताया जा रहा है कि ‘लव एंड वॉर’ के सैटेलाइट और डिजिटल राइट्स पहले ही बेचे जा चुके हैं, जिससे निर्माताओं को 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हो चुकी है। अगर थिएट्रिकल राइट्स की बड़ी डील भी फाइनल हो जाती है, तो फिल्म रिलीज से पहले ही अपनी लागत वसूल सकती है।
फर्स्ट लुक का इंतजार
फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है। खबरों की मानें तो 15 अगस्त के आसपास फिल्म का फर्स्ट लुक जारी किया जा सकता है। हालांकि, निर्माताओं की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फर्स्ट लुक सामने आने के बाद फिल्म की स्टारकास्ट प्रमोशन की शुरुआत भी कर सकती है। फिलहाल फैंस रणबीर, आलिया और विक्की को एक साथ बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
ट्रेलर को लेकर क्या है अपडेट?
कुछ समय पहले एक कार्यक्रम के दौरान विक्की कौशल से फिल्म के ट्रेलर को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह खुद भी ट्रेलर का इंतजार कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग अपने अंतिम चरण में है। विक्की कौशल अपना हिस्सा पूरा कर चुके हैं, जबकि रणबीर कपूर और आलिया भट्ट भी जल्द शूटिंग खत्म करने वाले हैं। उम्मीद की जा रही है कि अगस्त के अंत तक पूरी फिल्म की शूटिंग पूरी हो जाएगी।
कब रिलीज होगी फिल्म?
‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर और विक्की कौशल एयरफोर्स अधिकारियों की भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म पहले 2025 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन विभिन्न कारणों से इसकी रिलीज कई बार टल गई।
रणबीर कपूर ने पहले बताया था कि उनकी फिल्म ‘रामायण’ की शूटिंग के चलते शेड्यूल में बदलाव हुआ, जिसकी वजह से ‘लव एंड वॉर’ की रिलीज आगे बढ़ी। बाद में भंसाली प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया के जरिए पुष्टि की कि फिल्म अब 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
बड़े बजट, दमदार स्टारकास्ट और संजय लीला भंसाली के निर्देशन की वजह से ‘लव एंड वॉर’ को आने वाले समय की सबसे चर्चित फिल्मों में गिना जा रहा है।



