रीवा। रामनवमी के पावन अवसर पर शहर के प्रसिद्ध लक्ष्मण बाग मंदिर में अनुराग मेमोरियल सेवा संस्थान द्वारा भव्य सामूहिक व्रतबंध कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के 19 बटुकों का व्रतबंध संस्कार सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के कौशलेश मिश्रा ने बताया कि अनुराग मेमोरियल सेवा संस्थान पिछले तीन वर्षों से लगातार इस सामूहिक व्रतबंध का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज में व्रतबंध संस्कार काफी खर्चीला होने के कारण कई निर्धन परिवार समय पर अपने बच्चों का यह महत्वपूर्ण संस्कार नहीं करा पाते हैं। इसीलिए संस्था आर्थिक रूप से कमजोर ब्राह्मण परिवारों के बच्चों के लिए यह सामूहिक व्रतबंध कार्यक्रम आयोजित करती है, ताकि ब्राह्मण युवा समय पर इस पवित्र संस्कार से जुड़ सकें।
इस अवसर पर शहर के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी और ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।




