Jio IPO Launch Date: देश के सबसे चर्चित IPOs में से एक, जियो IPO (Jio IPO) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) की कंपनी रिलायंस जियो इन्फोकॉम (Reliance Jio Infocomm IPO) जल्द ही शेयर बाजार में दस्तक दे सकती है।
इकोनॉमिक टाइम्स ने बताया है कि कंपनी मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास IPO से जुड़े जरूरी दस्तावेज जमा करने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि 19 जून को होने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) की वार्षिक आम बैठक (AGM) से पहले यह प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी AGM को संबोधित करेंगे। यह बैठक 19 जून 2026 को दोपहर 2 बजे आयोजित होगी। निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या जियो IPO को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा की जाती है।
IPO से जुटाए जाएंगे 38 हजार करोड़ रुपए
रिपोर्ट्स के अनुसार जियो IPO के जरिए करीब 4 अरब डॉलर यानी लगभग 38 हजार करोड़ रुपए जुटाने की योजना है। अगर यह योजना सफल होती है तो यह भारत के इतिहास के सबसे बड़े IPOs में शामिल होगा।
फिलहाल भारत का सबसे बड़ा IPO हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) के नाम है, जिसने लगभग 31 हजार करोड़ रुपए जुटाए थे। ऐसे में जियो IPO उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकता है।
बदला गया IPO का स्ट्रक्चर
इस साल की शुरुआत में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक रिलायंस ने ऑफर फॉर सेल (Offer For Sale – OFS) मॉडल से हटकर नया IPO स्ट्रक्चर अपनाया है।
इस नए मॉडल में IPO से मिलने वाली रकम सीधे जियो कंपनी को जाएगी, न कि मौजूदा शेयरधारकों को। माना जा रहा है कि यह फैसला वैल्यूएशन को संतुलित रखने और लिस्टिंग के बाद निवेशकों को बेहतर रिटर्न देने की रणनीति का हिस्सा है।
शेयर बाजार के लिए क्यों अहम है Jio IPO?
जियो IPO ऐसे समय में आने वाला है जब भारतीय शेयर बाजार (Indian Stock Market) में IPO गतिविधियां धीमी पड़ी हुई हैं। पिछले दो वर्षों में कंपनियों ने रिकॉर्ड फंड जुटाया था, लेकिन 2026 में IPO मार्केट अपेक्षाकृत कमजोर रहा है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि जियो जैसी बड़ी कंपनी की लिस्टिंग निवेशकों का भरोसा बढ़ा सकती है और IPO बाजार में नई जान फूंक सकती है।
2020 में जुटाए थे 1.5 लाख करोड़ रुपए
साल 2020 में जियो प्लेटफॉर्म्स ने दुनिया की कई बड़ी कंपनियों और निवेश फंड्स से 20 अरब डॉलर यानी करीब 1.5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा निवेश जुटाया था।
इन निवेशकों में गूगल (Google), मेटा (Meta), KKR, सिल्वर लेक (Silver Lake), जनरल अटलांटिक (General Atlantic), अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (ADIA), टीपीजी (TPG), इंटेल कैपिटल (Intel Capital) और क्वालकॉम वेंचर्स (Qualcomm Ventures) जैसी वैश्विक संस्थाएं शामिल थीं।
अब निवेशकों की नजर 19 जून की AGM पर टिकी है, जहां जियो IPO को लेकर बड़ा ऐलान होने की संभावना जताई जा रही है।




