भोपाल। मध्यप्रदेश की बीजेपी सरकार के जिस तरह से समीकरण बदल रहे है, उससे लोग अटकलें लगा रहे है कि क्या मध्यप्रदेश की कैबिनेट बदलने वाली है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की कैबिनेट में संभावित फेरबदल की अटकलें तेज होने लगी हैं। दरअसल लखन पटेल का मंत्रालय वापस ले लिया गया। तो वही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के हालिया बयान को मिलकर प्रदेश सरकार में बदलाव की आहट लोग महसूस कर रहे है, हांलाकि सरकार और उनके मुखिया की ओर से अभी तक ऐसे किसी बदलाव को लेकर कोई ऐलान नही किया गया है।
लखन पटेल से मंत्रालय लिया गया वापस
ज्ञात हो कि प्रदेश के पशुपालन और डेयरी विकास विभाग के राज्य मंत्री लखन पटेल से उनका विभाग वापस ले लिया गया है। इस फैसले के बाद ही गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया। फिलहाल, यह अहम विभाग अब सीधे तौर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव संभालेंगे, दरअसल पशुपालन और डेयरी विकास विभाग राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था से सीधे तौर पर जुड़ा है। यह विभाग दूध उत्पादन, गौ-संरक्षण, गौशालाओं के प्रबंधन और आवारा मवेशियों से जुड़ी महत्वपूर्ण नीतियों को देखता है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भी दे चुकें है संकेत
दरअसल हाल ही में मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा था कि मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की जा रही है। संगठन और मुख्यमंत्री ने संयुक्त रूप से हर मंत्री से बात की है, हांलाकि बीजेपी प्रदेश अघ्यक्ष खंडेलवाल ने अपने इंटरव्यू में सीधे तौर पर किसी मंत्री का नाम नहीं लिया था, लेकिन उन्होंने यह साफ कर दिया था कि पार्टी संगठन को हर मंत्री के कामकाज की पूरी जानकारी है। समय-समय पर लोगो से हमें मंत्रियों के काम काज का फीडबैक मिल रहे है। मुझे अलग से किसी का नाम लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि जब भी केंद्रीय नेतृत्व फैसला करेगा, सही समय पर जरूरी बदलाव किए जाएंगे।




