मऊगंज पुलिस ने एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है जो सराफा व्यापारियों को नकली चांदी देकर असली चांदी के गहने ठगता था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और मिर्जापुर जिलों के रहने वाले 4 महिलाओं और एक पुरुष समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके पास से ठगी गई 60 ग्राम असली चांदी, 180 ग्राम नकली चांदी के गहने, 14,800 रुपए नकद और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब ग्राम पटेहरा स्थित सोने-चांदी की दुकान पर चार महिलाएं पहुंचीं और उन्होंने करीब 60 ग्राम नए गहने (पायल और बच्चों के छड़े) खरीदने के बाद उसके बदले 180 ग्राम पुरानी चांदी दी। व्यापारी निलेश सोनी को जब इस पर शक हुआ और उन्होंने मऊगंज सराफा मार्केट में इसकी जांच कराई, तो वह पुरानी चांदी नकली और गिलेट धातु की निकली।
व्यापारी की सूचना पर हरकत में आई पुलिस और डायल-112 की टीम ने तत्काल घेराबंदी की, जिसके बाद मिर्जापुर जाने वाली बस से दो महिलाओं (प्रियंका सोनी और गुंजा सोनी) तथा पटेहरा क्षेत्र से ललिता सोनी को दबोच लिया गया। इसके बाद मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों रमिता चौरसिया और उनके भाई मोहचंद्र चौरसिया को भी गिरफ्तार कर लिया। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी शची पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राम सिंह पटेल के नेतृत्व में अंजाम दी गई है।




