INDIA Bloc Protest : दिल्ली में INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार तीसरे दिन विरोध प्रदर्शन किया। गुरुवार को विपक्षी सांसद बस से राजघाट पहुंचे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य नेताओं ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।
विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को निर्वाचन सदन की ओर मार्च किया था। बुधवार को उन्होंने जंतर-मंतर के पास प्रदर्शन किया। गुरुवार को सांसद बस से राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने शांतिपूर्ण धरना दिया।
पीएम मोदी ने ज्ञानेश कुमार के जरिए लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया
कांग्रेस महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राजघाट जाना विपक्ष के आंदोलन का अहम हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में ज्ञानेश कुमार के जरिए लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। वेणुगोपाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश की आजादी की लड़ाई का नेतृत्व किया था। उन्होंने इस प्रदर्शन को विपक्ष का सबसे प्रभावी आंदोलन बताया और कहा कि आगे की रणनीति के बारे में बाद में जानकारी दी जाएगी।
गौरव गोगोई बोले—देश चाहता है ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि देश के लोग ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से लोगों की आवाज सुनने की अपील की। गोगोई के मुताबिक, चुनाव आयोग को लेकर लोगों के मन में सवाल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इन सवालों पर ध्यान देना चाहिए।
‘लोगों से वोट देने का अधिकार छीना जा रहा’
तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने आरोप लगाया कि लोगों से वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नागरिकों का वोट देने का अधिकार सबसे जरूरी है। इसी अधिकार से लोग अपनी सरकार चुनते हैं। मल्लू ने आरोप लगाया कि इस अधिकार पर हमला हो रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपनी पार्टी या अपने वोट के लिए नहीं, बल्कि देश के लोगों के वोट देने के अधिकार के लिए लड़ रहे हैं।
‘मुख्य चुनाव आयुक्त को इस्तीफा देकर माफी मांगनी चाहिए’
मल्लू ने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी मतदाताओं का भरोसा बनाए रखना है। उन्होंने दावा किया कि लोगों के मन में आयोग को लेकर शक पैदा हो रहा है। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे हालात में क्या मुख्य चुनाव आयुक्त को इस्तीफा देकर देश से माफी नहीं मांगनी चाहिए।
खरगे बोले—गांधी स्मारक पर शांति से धरना देंगे
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि INDIA गठबंधन के नेता गांधी स्मारक पर शांतिपूर्ण धरना देंगे। उन्होंने कहा कि वे महात्मा गांधी से प्रार्थना करेंगे कि बीजेपी सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को यह समझने की सद्बुद्धि मिले कि उनके फैसले देश के हित में नहीं हैं। मल्लिकार्जुन खरगे ने वोट चोरी के आरोप, महंगाई और युवाओं की समस्याओं समेत कई मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि ये सभी बातें आम लोगों से जुड़ी हैं।
राहुल गांधी ने लगाया ‘आपराधिक साजिश’ का आरोप
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और RSS प्रमुख मोहन भागवत पर ‘आपराधिक साजिश’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें दो दिन से इसकी अनुमति नहीं दी जा रही।
राहुल बोले- संविधान को नुकसान पहुंचाया गया
राहुल गाँधी के मुताबिक, पहले दिन सांसदों को चुनाव आयोग के सामने और दूसरे दिन जंतर-मंतर के पास रोक दिया गया। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान उनके साथियों के साथ मारपीट हुई। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेंगे। राहुल गांधी ने दावा किया कि देश के लोकतंत्र और संविधान को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी और उन्हें न्याय के सामने लाया जाएगा।




