सरकारी राशन न मिलने से सैकडों ग्रामीण पहुंचे कलेक्ट्रेट, दिया धरना, कलेक्टर ने जांच के दिए आदेश

रीवा। जिले के सिरमौर अनुविभाग अंतर्गत शाहपुर 540 गांव के तकरीबन एक सैकड़ा ग्रामीण मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुचे और उन्होने सरकारी राशन न मिलने की शिकायत रीवा कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी से किए है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें पिछले 6 महीनों से सरकारी राशन नहीं मिल रहा है। जिससे कई गरीब परिवारों के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

निवाले का खड़ा हो रहा है संकट

राशन की समस्यों के सबंध में ग्रामीण राजेश मिश्रा और प्रतिमा देवी ने बताया कि गांव के पात्र हितग्राही कई महीनों से राशन से वंचित हैं। उनका कहना है कि कई बार राशन दुकान और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। ऐसे में उनके परिवार पर निवाले का संकट खड़ा हो रहा है। ग्रामीण परिवारों के लिए अपने बच्चों और परिवार का पालन-पोषण करना कठिन हो गया है। उनका कहना है कि शासन की योजनाओं का लाभ कागजों में तो दिख रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर उन्हें उनका हक नहीं मिल पा रहा है।

तब धरने पर बैठ गए ग्रामीण

कलेक्टर कार्यालय में तब धरने पर ग्रामीण बैठ गए, जब कोई अधिकारी उनकी सुनवाई करने के लिए मौके पर नही पहुचा। इसी बीच जनसुनवाई कर रहे कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी को जानकारी लगी और वे ग्रामीणों के बीच पहुच कर उनका आवेदन पत्र न सिर्फ लिए बल्कि सिरमौर एसडीएम को तत्काल फोन लगाकर ग्रामीणों को राशन दिलवाने के निर्देश देते हुए दोषियों के खिलाफ एफआईआर करवाने की बात कही है, बहरहाल ग्रामीणों के द्वारा राशन न मिलने की शिकायत का यह मामला कलेक्टर के पास पहुचने के बाद चर्चा में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *