केरल। पिछले 24 घंटों से केरलम का मौसम बिगड़ा हुआ है। भारी बारिश, भूस्खलन से अब तक 5 लोगो की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता है। क्षेत्र राहत बचाव दल को सक्रिय किया गया है। भारी बारिश ने इडुक्की, मलप्पुरम सहित कई जिलों में तबाही मचाई। मौसम विभाग ने पथनमथिट्टा, कोट्टायम, अलप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर में यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम से बिगड़ते हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने स्थिति की हर घंटे समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
नदी के पानी में बह गए कई लोग
मलप्पुरम जिले के नीलांबुर-अमराम्बलम क्षेत्र में कोट्टापुझा नदी में अचानक आई बाढ़ में पांच लोग बह गए। पुलिस के मुताबिक, वंडूर से आए लोगों का समूह नदी में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ गया और सभी बह गए। एक व्यक्ति को स्थानीय निवासी ने बचा लिया, जबकि अग्निशमन एवं बचाव दल ने दो लोगों के शव बरामद किए। दो अन्य लोग अभी लापता हैं। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में आपदा प्रबंधन बल की विशेष टीम तत्काल भेजने के निर्देश दिए हैं।
भूस्खलन से तमिलनाडु के महिला की मौत
कोट्टायम जिले के टीकोय के पास वेलाथुस्सेरी में रविवार शाम हुए भूस्खलन में तमिलनाडु की एक महिला की मौत हो गई और उसकी दोस्त घायल हो गई। मृतका की पहचान चेन्नई के जवाहर नगर निवासी 35 वर्षीय संगीता अरुल लाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, संगीता और उसकी दोस्त वागामोन से लौट रही थीं, तभी भूस्खलन हुआ। सड़क पर गिरी मिट्टी की चपेट में संगीता आ गईं, जो स्कूटर चला रही थीं। उनकी दोस्त किसी तरह बच निकली। इसी तरह इडुक्की जिले के कोट्टाकम्बूर में मिट्टी धंसने उसकी चपेट में 3 लोग आ गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हुई है।




