मऊगंज में ओवरस्पीड कार का कहर, घर के बाहर खड़े युवक की मौत, मासूम बेटे समेत 8 लोग गंभीर घायल

Havoc caused by an overspeeding car in Mauganj

मऊगंज। जिले के मऊगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलकरण सिंह गांव के समीप मंगलवार की शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक अनियंत्रित और अत्यधिक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर ऐसा तांडव मचाया कि एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं। घर के बाहर खड़े पिता-पुत्र को रौंदने के बाद भागने के चक्कर में कार ने कई अन्य वाहनों को भी चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके 3 वर्षीय मासूम बेटे सहित कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

कार में फंसकर घिसटता चला गया युवक

यह हृदयविदारक हादसा मंगलवार शाम करीब 6 बजे घटित हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फूलकरण सिंह गांव के रहने वाले प्रदीप साकेत अपने घर के सामने अपने 3 वर्षीय मासूम पुत्र प्रियांशू के साथ खड़े थे, तभी काल बनकर आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रदीप कार के निचले हिस्से में फंस गए और वाहन के साथ काफी दूर तक घिसटते चले गए। इस भयावह मंजर में प्रदीप की मौके पर ही सांसें टूट गईं, जबकि उनका मासूम बेटा प्रियांशू गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

भागने के प्रयास में दो बाइकों को रौंदा, मची अफरा-तफरी

हादसे के बाद भी कार चालक ने इंसानियत भूलकर गाड़ी रोकने की बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी। भागने की हड़बड़ाहट में लहराती हुई कार ने सड़क पर आगे जा रही दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। कार की चपेट में आने से बाइकों पर सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे। इस दूसरे हादसे में मीना शुक्ला, पति सुरेश शुक्ला, नर्मदा साकेत समेत कुल आठ लोग लूल-लहान हो गए। घायलों में से चार की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है।

ट्रैक्टर से टकराकर रुकी कार, चार युवक फरार

रफ्तार का यह खूनी तांडव तब जाकर थमा जब अनियंत्रित कार सड़क पर खड़े एक ट्रैक्टर से जा टकराई। ट्रैक्टर से टकराते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। खुद को घिरता देख कार में सवार चारों युवक तुरंत गाड़ी से उतरे और भीड़ के इकट्ठा होने से पहले ही मौके से भाग निकले।

इलाके में आक्रोश: हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्रदीप साकेत को मृत घोषित कर दिया।

पुलिसिया कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही मऊगंज थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, कार को जब्त कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार कार चालक व उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *