MP: गुना में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म, मेडिकल कॉलेज के बाहर फेंककर फरार हुए आरोपी

Guna Gang Rape: मानसिक आघात और शारीरिक पीड़ा से पूरी तरह टूट चुकी पीड़िता ने घर पहुंचते ही जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। उसे गंभीर हालत में गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति अभी भी अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

MP Crime News: मध्य प्रदेश के गुना जिले के बमोरी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी (Minor Girl) के साथ तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म (Gang Rape) का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी युवकों ने किशोरी की हालत बिगड़ने पर उसे शिवपुरी मेडिकल कॉलेज (Shivpuri Medical College) के बाहर लावारिस हालत में छोड़ दिया। इसके बाद मानसिक और शारीरिक आघात झेल रही किशोरी ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। वह फिलहाल जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

घटना की पूरी कहानी

यह घटना 25 अप्रैल को हुई। पीड़िता की मां पास के गांव में तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने गई हुई थीं। घर में अकेली पाकर गांव के ही एक युवक ने साजिश रची। दोपहर करीब 3 बजे आरोपी किशोरी के पास पहुंचा और झूठ बोला कि उसकी मां ने उसे बुलाया है। मां के पास जाने के झांसे में आकर किशोरी आरोपी की मोटरसाइकिल पर बैठ गई। रास्ते में जब उसने गलत रास्ता जाते देख सवाल किया, तो आरोपी ने उसे डरा-धमकाकर जंगल की ओर ले लिया। वहां पहले से ही आरोपी के दो अन्य साथी मौजूद थे।

तीनों ने बारी-बारी से की वारदात

तीनों युवकों ने नाबालिग के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। जब किशोरी की हालत बिगड़ने लगी तो आरोपी घबरा गए और उसे इलाज के बहाने शिवपुरी ले गए। वहां मेडिकल कॉलेज के गेट के बाहर उसे छोड़कर तीनों फरार हो गए।इधर परिवार वाले अपनी बेटी की तलाश में परेशान थे। शुरुआत में जब संदिग्ध युवक से पूछताछ की गई तो उसने पूरी बात से इनकार कर दिया। बाद में आरोपी ने अपने एक रिश्तेदार को सारी सच्चाई बताई, जिसके जरिए परिवार को पता चला कि उनकी बेटी शिवपुरी के अस्पताल में भर्ती है।

पुलिस की लापरवाही और किशोरी का आत्मघाती कदम

परिवार वाले किशोरी को लेकर बमोरी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने शुरुआत में सिर्फ “जांच करेंगे” कहकर उन्हें लौटा दिया। इस घटना से गहरे सदमे में आई किशोरी ने घर पहुंचते ही जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे गंभीर हालत में गुना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है।

तीसरे दिन दर्ज हुई FIR

मामले की गंभीरता को देखते हुए बमोरी पुलिस ने घटना के तीसरे दिन जीरो नंबर पर FIR दर्ज की है। थाना प्रभारी दिलीप राजौरिया ने बताया कि किशोरी के बयान महिला उपनिरीक्षक द्वारा दर्ज किए गए हैं। पीड़िता ने अपने बयान में तीनों आरोपियों द्वारा किए गए सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि की है। उसने बताया कि आरोपी परिचित होने का फायदा उठाकर उसे बाइक पर शिवपुरी की ओर ले गए और रास्ते में सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें रवाना कर दी हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *