रीवा में नाती ने गाली-गलौज करने पर दादा को बेल्ट से पीटा, फिर छत से नीचे फेंका, बुजुर्ग की मौत, मामला दर्ज

Grandson kills grandfather for abusing him in Rewa

रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा शहर से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। समान थाना क्षेत्र के बाणसागर इलाके में एक नाबालिग नाती ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही सगे दादा को छत से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बेटी को गाली देने पर भड़का नाबालिग नाती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाणसागर निवासी चंद्रशेखर यादव बीते 22 मई की सुबह करीब 10 बजे नशे की हालत में अपनी ही बेटी के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। अपनी मां के साथ हो रहे इस दुर्व्यवहार को देख बेटी का नाबालिग पुत्र बुरी तरह भड़क गया। आक्रोश में आकर उसने पहले तो अपने दादा की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई की और फिर गुस्से में उन्हें छत से नीचे का रास्ता दिखा दिया।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
छत से गिरने के कारण बुजुर्ग चंद्रशेखर यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। घटना के तुरंत बाद उन्हें आनन-फानन में रीवा के संजय गांधी चिकित्सालय (SGMH) में भर्ती कराया गया था। जहां जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए शनिवार रात करीब 11 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा
समान थाना पुलिस ने शुरुआत में मृतक की बेटी (आरोपी की मां) के बयानों के आधार पर नाबालिग के खिलाफ प्राणघातक हमले का केस दर्ज किया था। लेकिन इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो जाने के बाद पुलिस ने मामले में धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी नाती के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *