अजय देवगन की फिल्म ‘धमाल 4’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के पहले तीन दिनों में फिल्म ने दमदार कमाई करते हुए दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स हासिल किया है। हालांकि समीक्षकों से फिल्म को मिला-जुला रिव्यू मिला, लेकिन दर्शकों का प्यार इसकी कमाई में साफ नजर आ रहा है।
पहले तीन दिनों में शानदार कमाई
बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन 14 करोड़ रुपये के साथ ओपनिंग की। दूसरे दिन कमाई में जबरदस्त उछाल आया और फिल्म ने 22.50 करोड़ रुपये जुटाए। वहीं रविवार को सबसे ज्यादा 28.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का तीन दिनों का भारत में नेट कलेक्शन 64 करोड़ रुपये पहुंच गया।
चौथे दिन धीमी हुई रफ्तार
अब फिल्म की असली परीक्षा सोमवार को मानी जा रही है। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज के चौथे दिन सोमवार शाम 5 बजे तक ‘धमाल 4’ ने 2.51 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस दौरान फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 14 प्रतिशत दर्ज की गई। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, चार दिनों में फिल्म का कुल भारत नेट कलेक्शन 66.36 करोड़ रुपये हो गया है। अंतिम आंकड़ों में इसमें बदलाव संभव है।
विदेशों में भी अच्छा प्रदर्शन
‘धमाल 4’ सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशी बाजार में भी अच्छी कमाई कर रही है। तीसरे दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से करीब 4 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिससे तीन दिनों का विदेशी कलेक्शन 14 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं फिल्म का तीन दिनों का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 92 करोड़ रुपये हो चुका है।
100 करोड़ क्लब से बस एक कदम दूर
फिल्म अब दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने के बेहद करीब है। अगर सोमवार के अंतिम आंकड़े उम्मीद के मुताबिक रहे, तो ‘धमाल 4’ रिलीज के महज चार दिनों में ही 100 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड आंकड़ा पार कर सकती है।




