भोपाल। भोपाल में हिंदू युवतियों के साथ यौन शोषण, दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के दबाव के मामलों ने मध्य प्रदेश में बड़ा तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पिछले कुछ दिनों में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। हिंदू युवती के साथ हुए दुष्कर्म के मामले को लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए कमेटी के पदाधिकारियों का कहना है कि घटना सामने आने के बाद भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना बेहद चिंताजनक है।
पीड़िता न्याय के लिए भटकने को मजबूर
आरोप लगाया कि पीड़िता न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है, जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जाए प्रदर्शन के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे गंभीर मामलों में देरी से कार्रवाई होने पर समाज में गलत संदेश जाता है और पीड़ितों का भरोसा न्याय व्यवस्था से उठने लगता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कमेटी ने प्रशासन से यह भी अपील की कि पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच हो, ताकि दोषियों को सख्त सजा मिल सके।




