केरल में ED टीम पर हमला: पूर्व CM विजयन के घर के बाहर बवाल, समर्थकों ने तोड़ी गाड़ियां

CPIM Attack ED Team Kerala: केरल (Kerala) में बुधवार को बड़ा राजनीतिक हंगामा देखने को मिला, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पूर्व मुख्यमंत्री विजयन (Pinarayi Vijayan) के घर छापेमारी करने पहुंची। रेड खत्म होने के बाद विजयन समर्थकों और CPI(M) कार्यकर्ताओं ने ED अधिकारियों की टीम पर हमला कर दिया। भीड़ ने एजेंसी की गाड़ियों पर पत्थर, कांच की बोतलें और लाठियां बरसाईं। कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए और अफसरों को भारी सुरक्षा के बीच वहां से निकालना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक ED की 12 सदस्यीय टीम तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित विजयन के घर समेत कुल 10 ठिकानों पर मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) मामले में छापेमारी करने पहुंची थी। उस समय विजयन और उनका परिवार घर के अंदर मौजूद था।

जैसे ही ED की कार्रवाई की खबर फैली, बड़ी संख्या में CPI(M) समर्थक मौके पर जमा होने लगे। रेड खत्म होने के बाद जब अधिकारी बाहर निकले तो भीड़ ने उनका रास्ता घेर लिया। सुरक्षाबलों ने अधिकारियों को निकालने की कोशिश की, लेकिन गाड़ियों पर ईंट-पत्थर फेंके गए। कई कारों के विंडशील्ड और पीछे के शीशे टूट गए। रियर व्यू मिरर तोड़ दिए गए और कुछ प्रदर्शनकारियों ने लाठी से भी हमला किया।

बेटी की IT कंपनी से जुड़ा है मामला

ED की यह कार्रवाई विजयन की बेटी टी. वीणा की कंपनी Exalogic Solutions से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन को लेकर की गई। आरोप है कि Cochin Minerals and Rutile Limited यानी CMRL ने 2018-19 के दौरान वीणा की कंपनी को करीब 1.72 करोड़ रुपए का भुगतान किया था।

जांच एजेंसियों का दावा है कि यह रकम “मंथली पेमेंट” के नाम पर दी गई, लेकिन इसके बदले कोई वास्तविक IT या सॉफ्टवेयर सेवा नहीं दी गई। इसी वजह से ED को शक है कि यह लेनदेन संदिग्ध और फर्जी हो सकता है।

इस मामले को सबसे पहले इनकम टैक्स विभाग ने उठाया था। बाद में उसी आधार पर ED ने Prevention of Money Laundering Act (PMLA) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की

हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली

इस पूरे मामले में मंगलवार को Kerala High Court ने CMRL की याचिका खारिज कर दी थी। कंपनी ने ED जांच रद्द करने की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने राहत देने से इनकार कर दिया। इसके ठीक अगले दिन ED ने यह बड़ी कार्रवाई की।

सूत्रों के मुताबिक, ED के अलावा Serious Fraud Investigation Office (SFIO) भी इस केस की जांच कर रहा है। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कथित भुगतान किसी राजनीतिक प्रभाव या अवैध वित्तीय नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं था।

विपक्ष ने उठाए सवाल

घटना के बाद विपक्षी दलों ने CPI(M) समर्थकों द्वारा ED टीम पर किए गए हमले की आलोचना की है। भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जांच एजेंसियों पर हमला कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सीधा हमला है।

वहीं CPI(M) नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक बदले की कार्रवाई के लिए कर रही है। पार्टी नेताओं ने कहा कि ED की कार्रवाई विपक्षी नेताओं को दबाने की कोशिश है।

फिलहाल पूरे मामले ने केरल की राजनीति को गरमा दिया है। एक तरफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच तेज हो रही है, तो दूसरी तरफ ED टीम पर हमला केंद्र बनाम राज्य की राजनीतिक लड़ाई को और भड़का सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *