एमपी। किसानों की समस्याओं को लेकर मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने हाईवें पर चक्काजाम आंदोलन किया है। शाजापुर के रोजवास टोल प्लाजा, ग्वालियर के निरावली तिराहे, इंदौर बायपास, महू और मुरैना सहित कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस ने मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा चक्का जाम किया। शिवपुरी से गुजरने वाले इस अहम हाईवे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों दिशाओं में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, प्रदर्शन के चलते यहां हजारों लोग-हजारों वाहन फंसे हैं। आम लोगों, यात्रियों और शादी समारोह में जा रहे परिवारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसान परेशान
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार के दावों के बावजूद किसान आज आर्थिक संकट से जूझ रहा है, एमएसपी पर खरीदी सुस्त है, उपार्जन सीमित है और छोटे किसान औने-पौने दामों पर फसल बेचने को मजबूर हैं. पार्टी नेतृत्व ने इसे किसानों के सम्मान की लड़ाई बताते हुए चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
पटवारी बोले- जरूरत पड़ी तो इससे बड़ा आंदोलन करेंगे
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रोजवास टोल प्लाजा पहुंचकर कहा कि किसानों की आवाज दबाई जा रही है और जरूरत पड़ी तो इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों को गेहूं बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है और स्लॉट बुकिंग व टोकन सिस्टम फेल हो चुका है।
सीएम ने कहा बच्चों का लगेगा श्राप
दूसरी तरफ भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के आंदोलन को राजनीतिक बताया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा आज 10वीं-12वीं की परीक्षा शुरू हो रही है। जरा समझदार होते तो देख लेते। बच्चे अपनी परीक्षा से वंचित हो रहे हैं। ये श्राप कांग्रेस के माथे पर लगेगा।




