दतिया। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर ली है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-22 के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,056 वोटों के अंतर से हराकर विजय हासिल किए है। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के दौरान कई राउंड तक चले उतार-चढ़ाव के बाद कांग्रेस ने अपनी बढ़त को अंत तक कायम रखा और जीत अपने नाम कर लिया है।
कांग्रेस में जश्न का माहौल
कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह की जीत की घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया और इसे जनता के समर्थन की जीत बताया। ज्ञात हो कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने अपनी सीट बरकरार रखते हुए भाजपा को हराया है। जीत से कांग्रेस का मनोबल बढ़ा और इसे 2028 विधानसभा चुनाव से पहले अहम राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।
कांग्रेस का प्रत्याशी चयन आया काम, भाजपा का दांव पड़ा उल्टा
राजनैतिक चर्चा के तहत दतिया में भाजपा का उम्मीदवार बदलने का दांव उल्टा पड़ा, जबकि कांग्रेस की रणनीति और उम्मीदवार चयन सफल साबित हुआ, दरअसल दतिया को पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का राजनीतिक गढ़ माना जाता है। उपचुनाव में उन्हें टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन भाजपा ने उनकी जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया, जबकि कांग्रेस ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह पर दांव लगाया। उनकी पहचान सरल और साफ-सुथरी छवि वाले नेता के रूप में रही है। राजपरिवार से जुड़े होने के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। ग्रामीण इलाकों में भी उनका प्रभाव नजर आया। कांग्रेस की ये रणनीति काम कर गई। जनता का आशीर्वाद कांग्रेस के पाले में गया।




