रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने लोक निर्माण विभाग, एमपीआरडीसी, राष्ट्रीय राजमार्ग और एनएचएआई के अधिकारियों की मैराथन बैठक ली। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण का कार्य निर्धारित तिथि पर पूरा न करने वाले ठेकेदारों को तुरंत ब्लैक लिस्ट किया जाए और उन पर कड़ी पेनाल्टी लगाई जाए। कमिश्नर ने वर्षाकाल के दौरान टूटी सड़कों और गड्ढों की मरम्मत समय पर न होने पर गहरी नाराजगी जताई और कहा कि सड़कों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने गारंटी अवधि से पहले जर्जर हुई सड़कों की तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की है।
कमिश्नर ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि चचाई और पूर्वा फॉल जैसे प्रमुख टूरिस्ट स्थलों की ओर जाने वाले खराब मार्गों की मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू किया जाए, ताकि खराब रास्तों की वजह से पर्यटन और शासन के राजस्व को नुकसान न पहुंचे। साथ ही, उन्होंने निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी करने वाले और नियमित मॉनिटरिंग न करने वाले कार्यपालन इंजीनियरों (EE) तथा प्रभारी इंजीनियरों पर भी सख्त कार्रवाई और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान रीवा-सीधी फोर लेन, नागौद बाईपास, चितरंगी-सिंगरौली मार्ग, और प्रधानमंत्री जनमन योजनाओं के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रीवा संभाग के सभी जिलों में जिन कार्यों के लिए अभी भूमि प्राप्त नहीं हुई है, वे संबंधित राजस्व अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर भूमि प्राप्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी करें। इसके अलावा, सड़क निर्माण और आरओबी के रास्ते में आ रहे अतिक्रमण को तत्परता से हटाने तथा ड्रेनेज सिस्टम को नुकसान पहुँचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।




