Collision between truck loaded with goats and bulker in Sidhi: सीधी जिले में सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग NH-39 पर ग्राम जोगीपुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सिंगरौली से रीवा की ओर जा रहे बकरियों से लदे ट्रक और सीधी से सिंगरौली की ओर आ रहे बल्कर ट्रक के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतक की पहचान 38 वर्षीय अब्दुल मजीद पुत्र अब्दुल हकीम, निवासी ग्राम हनुमानगढ़, थाना सिमरिया के रूप में हुई है।
घायलों में बल्कर चालक समय लाल कुशवाहा निवासी ग्राम बड़गांव शामिल हैं, जिन्हें जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है। ट्रक में सवार अन्य दो घायल मौके से फरार हो गए, पुलिस उनकी तलाश कर रही है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक में करीब 485 बकरियां लदी थीं। तेज रफ्तार और गलत साइड से आने के कारण दोनों वाहन अनियंत्रित होकर टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सिटी कोतवाली पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और सभी बकरियों को सुरक्षित पास के बाड़े में रखवाया, जहां उनके खाने-पानी की व्यवस्था की गई है। बकरियों के मालिक और गंतव्य की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।अस्पताल चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हुई और तीन घायल हुए। सभी को जिला अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
