भोपाल। शनिवार-रविवार दरमियानी रात ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुई दुर्घटना में लापरवाही को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता से लेते हुए सख्त एक्शन लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि जिम्मेदारी तय कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है। प्रदेश के सभी नागरिकों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वाेपरि है।
हटाए गए सीएसपी समेत 8 पुलिस कर्मी
शीतला माता मंदिर में ट्रक ने श्रद्धालुओं को कुचल दिया। जिस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीएसपी को तत्काल हटाने तथा 3 थाना प्रभारियों, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक एवं 3 आरक्षकों सहित कुल 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। जनसुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह थी घटना
ज्ञात हो कि ग्वालियर में शनिवार देर रात मां शीतला के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया था। इस दर्दनाक हादसे में 41 लोगो के घायल होने की खबर है, जिनमे 15 लोगों की मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार रात करीब डेढ़ बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। उस वक्त बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां शीतला के दर्शन के लिए सड़क किनारे कतार में खड़े थे। तभी धान से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक पुलिस चेकपोस्ट को तोड़ते हुए श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा और मंदिर की दीवार से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मामले में ट्रक चालक और मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।




