मैहर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बहन-बेटियां हमारे घर-आंगन की रौनक हैं। बहन-बेटियों का मान-सम्मान और इनका आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन तो साल में एक बार आता है, लेकिन हमारी सरकार हर महीने बहनों से उनकी रक्षा का वादा पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी लाड़ली बहनों को हर महीने सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि शारदा मां के आशीर्वाद से मैहर अद्भुत स्थान है। बुंदेलखंड की वीरता के प्रतीक आल्हा-ऊदल मां शारदा के अनन्य भक्त हैं। हमारी भारतीय संस्कृति में उदारता और रिश्तों का सम्मान करने की परम्परा है। हम वसुधैव कुटुम्बकम के भाव से पूरे विश्व को अपना परिवार मानते हैं। हमने आज ही मैहर से प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को नैहर की नेग (राज्य सरकार का उपहार) दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मैहर में हुए राज्यस्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मैहर में 9 करोड़ रुपए की लागत से मां शारदा लोक निर्माण
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर जिले में लगभग 256 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 25 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने महाकाल के महाकाल लोक के बाद प्रदेश भर में देवस्थानों के विकास का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में श्रीराम वन गमन पथ, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की धारा को अविरल रखने और विकास कार्यों के लिए 3 हजार करोड़ के कार्य मंजूर किए गए हैं। मैहर में 9 करोड़ रुपए की लागत से मां शारदा लोक निर्माण के पहले चरण का भूमि-पूजन आज हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब नशे के खिलाफ अभियान चल रहा है। राज्य सरकार ने 19 धार्मिक स्थानों पर शराब दुकानें बंद की हैं। भावी पीढ़ियों को नशे से बचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नशे से पीढ़ियां बर्बाद हो जाती हैं। परिवार के सदस्य बच्चों को नशे से दूर रखने और उनके बेहतर भविष्य के लिए बच्चों से संवाद हमेशा बनाए रखें।
सिंचाई का बढ़ रहा रकबा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में लगातार सिंचाई का रकबा बढ़ा रही है। विंध्य क्षेत्र को किसानों को बरगी नहर के पानी का लाभ मिलेगा। किसानों को रात के साथ दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली मिलेगी। किसानों की आय बढ़ाने के लिए गौपालन और पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने लोकसभा और विधानसभा में बहनों के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए संकल्प पारित किया है।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
मैहर जिले के बदेरा पहाड़ में 132 केवीए का सब स्टेशन बनाया जायेगा।
मैहर में 25 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक स्टेडियम बनाया जायेगा।
लिलजी जलाशय का 50 करोड़ रुपए की लागत से नवीनीकरण किया जाएगा।
मैहर में एक बड़ा सर्व सुविधायुक्त अस्पताल बनाया जाएगा।
मैहर में 5000 गौवंश क्षमता की बड़ी गौशाला बनेगी।
घुनवारा में आईटीआई संस्थान बनेगा, स्कूल का उन्नयन किया जाएगा।
लाड़ली बहना सम्मेलन में आईं आल्हा गायकों की सभी समितियों को 25-25 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।




