सीधी में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूल जा रहे ऑटो को बस ने मारी टक्कर, बहन की मौत और भाई गंभीर

Bus hits auto-rickshaw carrying school students in Sidhi

सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ रक्षाबंधन के पावन पर्व से ठीक तीन दिन पहले एक सड़क हादसे में एक मासूम बहन की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा सोमवार को ग्राम सपही बांध के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार बस ने स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

घटना के अनुसार, ग्राम सपही निवासी सुखेंद्र साकेत के 10 वर्षीय बेटी सगुन साकेत और 8 वर्षीय बेटा वस्तिक साकेत सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर से सरस्वती ज्ञान मंदिर कुबरी जाने के लिए ऑटो में सवार होकर निकले थे। इसी ऑटो में मलखम गांव की 6 वर्षीय सुरभि साकेत भी यात्रा कर रही थी। दोपहर करीब 1 बजे जब पोखरा से सीधी की ओर आ रही पवन कोच बस ने सपही बांध के पास ऑटो को टक्कर मारी, तो ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान 10 वर्षीय सगुन साकेत ने दम तोड़ दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतका का छोटा भाई वस्तिक साकेत गंभीर रूप से घायल है और हादसे के बाद से बेहोशी की हालत में है, जबकि तीसरी बच्ची सुरभि साकेत को मामूली चोटें आई हैं। रक्षाबंधन के ठीक पहले इकलौती बहन की मौत और भाई की नाजुक हालत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। सूचना मिलते ही बहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर फरार बस चालक तथा ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *