बिहार की लाइफलाइन बंद, गंगा नदी में टूटकर गिरा विक्रमशिला सेतु

भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में एक हादसा हो गया। यहां गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा देर रात को गिर गया। हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। बता दें कि यह विक्रमशिला सेतु 4.7 किलोमीटर लंबा है रात करीब 12:50 बजे विक्रमशिला सेतु के पिलर संख्या 133 के पास दो स्लैब के बीच दरार बन गई। इससे एक बड़ा स्लैब नदी में गिर गया। किसी वाहन के स्लैब के साथ गिरने, किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

समय रहते खाली कराया गया इलाका

पिलर में गड़बड़ी की जानकारी मिलते ही सेतु पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद प्रभावित हिस्से और आसपास के क्षेत्र को खाली करा लिया गया। इसी वजह से जब स्लैब ध्वस्त हुआ तो उसके साथ कोई वाहन नीचे नहीं गिरा। इस घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

2001 में हुआ था उद्घाटन

विक्रमशिला सेतु का उद्घाटन वर्ष 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने किया था। इस पुल की कुल लंबाई करीब 4.7 किलोमीटर है। यह पुल भागलपुर को कोसी-सीमांचल सहित राज्य के कई हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, विक्रमशिला सेतु भागलपुर और नवगछिया को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। इसे बिहार की लाइफलाइन माना जाता है। रोजाना एक लाख से अधिक लोग इस पुल से गुजरते हैं, जिससे अब आवागमन पर बड़ा असर पड़ा है।

टला बड़ा हादसा

रव‍िवार तीन मई की रात 11:50 बजे सस्पेंशन में गैप देखा गया। इसके बाद स्थिति तेजी से बिगड़ती गई। रात 12:10 बजे यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का आकलन शुरू किया। 12:15 बजे एहतियातन पुल पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई। रात 12:50 बजे पुल का करीब 33 मीटर हिस्सा टूटकर गंगा नदी में समा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *