रीवा में श्रम कानूनों में सुधार की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन

Big demonstration in Rewa demanding reform in labor laws

Big demonstration in Rewa demanding reform in labor laws : भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने केंद्रीय आह्वान पर आज जिला रीवा में श्रम कानूनों में सुधार की मांग को लेकर विशाल प्रदर्शन और धरना आयोजित किया। दोपहर 12 बजे व्यंकट भवन के सामने शुरू हुआ धरना बाद में हजारों श्रमिकों की विशाल रैली में बदल गया, जो पुराने कोर्ट परिसर और गायत्री मंदिर मार्ग से गुजरते हुए दोपहर 2 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंची।

यहां बीएमएस ने कलेक्टर के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री और केंद्रीय श्रम मंत्री को 8 सूत्रीय मांग पत्र का ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चार श्रम कोड में से दो कोड का पहले से समर्थन किया है, लेकिन औद्योगिक संबंध संहिता (Industrial Relations Code) और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता (Occupational Safety, Health and Working Conditions Code) में कुछ कमियों के कारण इनमें सुधार की मांग लंबे समय से कर रहा है।कार्यक्रम में संगठित और असंगठित क्षेत्र के लगभग 500 श्रमिक, कर्मचारी और विभिन्न संबद्ध यूनियनों के पदाधिकारी शामिल हुए।

इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, निर्माण मजदूर, आउटसोर्स कर्मचारी, बिजली कर्मचारी, परिवहन कर्मचारी, नगर निगम श्रमिक, स्व सहायता समूह कार्यकर्ता सहित कई अन्य यूनियनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।जिला मंत्री विकास शुक्ला ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह संगठित शक्ति का प्रदर्शन था। हमने संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद की है और भविष्य में भी जब संगठन बुलाएगा, तो अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहेंगे।”

यह प्रदर्शन बीएमएस की राष्ट्रीय स्तर पर चल रही मुहिम का हिस्सा है, जिसमें न्यूनतम पेंशन में बढ़ोतरी, श्रम कानूनों का सार्वभौमिक लागूकरण, योजना कर्मचारियों का नियमितीकरण, सामाजिक सुरक्षा का विस्तार जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से त्वरित कार्रवाई की अपील की है ताकि श्रमिकों के हितों की रक्षा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *