सतना में जवारे विसर्जन से लौट रहे श्रद्धालुओं पर हमला, लाठी-डंडों से मारपीट, 9 लोग घायल, थाने में दिया धरना

Attack on devotees returning from Jaware immersion in Satna

Attack on devotees returning from Jaware immersion in Satna: सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र के बाबूपुर चौकी के पास साइडिंग में जवारे विसर्जन कर लौट रहे श्रद्धालुओं पर बुधवार देर रात बदमाशों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना में 8 से 9 लोग घायल हो गए, जिनमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी है। जानकारी के अनुसार, टिकुरिया टोला स्थित बाईपास दुर्गा मंदिर से करीब 50 श्रद्धालु जवारे लेकर भरजुना देवी मंदिर गए थे। वहां जवारे अर्पित करने के बाद पास के तालाब में उनका विसर्जन किया।

विसर्जन के बाद रात करीब 11 बजे सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप और कारों में सवार होकर घर लौट रहे थे।इसी दौरान साइडिंग के पास कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनके वाहनों को रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने वाहनों की भी तोड़फोड़ की। इस मारपीट में 9 लोग घायल हुए।घायलों में देवनारायण दहिया (57 वर्ष) को सिर पर गंभीर चोट आई है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो अन्य घायलों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर होने की सूचना है, जिन्हें निजी नर्सिंग होम में भर्ती किया गया है।

बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर कोलगवां थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना से आक्रोशित लोगों ने थाने के बाहर सड़क पर प्रदर्शन किया और चक्का जाम कर दिया।

सूचना मिलते ही सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और चक्का जाम हटा लिया गया।पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *