Rewa News: पुर्वा जलप्रपात पर युवती ने छलांग लगाने की ठानी, ढाई घंटे की समझाइश से पुलिस ने बचाई जान

Angry over marriage dispute girl reaches Purva Falls to commit suicide

Angry over marriage dispute girl reaches Purva Falls to commit suicide: रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वा जलप्रपात से शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवती वाटरफॉल के मुहाने पर खड़ी होकर गहरी खाई में कूदकर आत्महत्या करने वाली थी। मौके पर मौजूद सैलानियों और पुलिस की त्वरित सूझबूझ तथा संवेदनशीलता से करीब 2 घंटे 30 मिनट की लगातार मशक्कत के बाद उसकी जान बचा ली गई। युवती आत्महत्या के लिए पूर्वा जलप्रपात पहुंची थी। इसी दौरान वह रेलिंग पार करके वाटरफॉल की “डेड लाइन” पर जाकर खड़ी हो गई।

नीचे गहरी खाई और चारों ओर सन्नाटा हर पल को और भयावह बना रहा था। छलांग लगाने ही वाली थी कि आसपास मौजूद अन्य सैलानियों ने उसे आवाज देकर रोका और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेमरिया थाना प्रभारी विकास कपीस अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस और मौजूद लोगों ने युवती से लगातार संवाद बनाए रखा, लेकिन वह आत्मघाती कदम उठाने पर अड़ी रही।

युवती द्वारा हाथ हिलाकर अलविदा कहने पर मौके पर मौजूद सभी की सांसें थम गईं। एक पल के लिए ऐसा लगा कि वह गहरी खाई में कूद जाएगी।पुलिस टीम ने पूर्ण संयम और संवेदनशीलता दिखाते हुए युवती को उसके परिजनों की याद दिलाई, मिन्नतें कीं और बार-बार समझाइश दी। करीब ढाई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद युवती ने अपना इरादा बदल लिया। पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे मौके पर मौजूद सभी लोगों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, युवती रीवा जिले की ही निवासी है। वह पारिवारिक फैसले से बेहद नाराज थी। उसका कहना था कि वह जिस व्यक्ति से शादी करना चाहती है, उसके खिलाफ परिजन हैं और उसकी मर्जी के विपरीत कहीं और शादी का दबाव बना रहे हैं। इसी मानसिक तनाव और गुस्से में वह आत्मघाती कदम उठाने पूर्वा जलप्रपात पहुंची थी।

सेमरिया थाना प्रभारी विकास कपीस ने बताया कि वाटरफॉल के मुहाने पर युवती के खड़े होने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर लगातार समझाइश दी। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सफलता मिली और युवती को सुरक्षित बचा लिया गया। बाद में परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती को परिजनों के सुपुर्द किया और उन्हें उचित समझाइश देकर रवाना किया।

ऐसी घटनाएं संवेदनशीलता और समय पर हस्तक्षेप की जरूरत को दर्शाती हैं। यदि कोई मानसिक तनाव या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा हो, तो तुरंत मदद लें – भारत में KIRAN हेल्पलाइन (1800-599-0019) या स्थानीय पुलिस/परिवार से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *