‘काला हिरण’ फिल्म को लेकर प्रोड्यूसर अमित जानी को पाकिस्तान से मिली धमकी!

KALA HIRAN

सलमान खान के ब्लैकबक पॉचिंग केस पर बन रही फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी ने दावा किया है कि उन्हें एक बार फिर जान से मारने की धमकियां मिली हैं। पिछले कुछ दिनों में उन्हें दो अलग-अलग मौकों पर धमकी दी गई।

अमित जानी के मुताबिक, पहली धमकी उन्हें एक पाकिस्तानी नंबर से मिली, जबकि दूसरी धमकी उन्होंने गैंगस्टर रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग की तरफ से मिलने का दावा किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना मध्य प्रदेश के दतिया की बताई जा रही है। अमित जानी कुछ दिन पहले दतिया के श्री पीतांबरा पीठ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। उनका कहना है कि होटल में ठहरने के दौरान रात करीब 1 बजे उनके पास +92 कोड वाले पाकिस्तानी नंबर से एक ऑडियो और वीडियो क्लिप भेजी गई। वीडियो में हथियार दिखाकर उन्हें डराने की कोशिश की गई।

इसके बाद 7 जुलाई की सुबह करीब 9 बजकर 47 मिनट पर उन्हें एक और पाकिस्तानी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आई। अमित का दावा है कि कॉल करने वाले ने खुद को पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी बताया और उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी।

अमित के अनुसार, शहजाद भट्टी इससे पहले भी उन्हें धमकी दे चुका है। इस बार भी उसने कथित तौर पर ‘काला हिरण’ फिल्म रिलीज नहीं करने की चेतावनी दी और कहा कि अगर फिल्म रिलीज हुई तो इसके गंभीर नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं। इस शिकायत के बाद दतिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वहीं दूसरा मामला उत्तर प्रदेश का है। अमित जानी के मुताबिक, जब वह नैनीताल जा रहे थे, तब रास्ते में एक ढाबे पर नाश्ता करने के लिए रुके थे। इसी दौरान उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद उन्हें एक ऑडियो मैसेज भेजा गया।

अमित का दावा है कि इस ऑडियो में रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग की तरफ से धमकी दी गई थी। मैसेज में कथित तौर पर कहा गया कि वह चारों तरफ से घिरे हुए हैं और अगर उन्होंने फिल्म रिलीज करने का फैसला नहीं बदला तो देश में कोई बड़ी घटना हो सकती है।

इस घटना के बाद अमित जानी ने उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के भोट थाना क्षेत्र में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर्स से धमकियां मिल चुकी हैं। इससे पहले वह जोधपुर, गाजियाबाद, नोएडा और दतिया में भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं अमित जानी की फिल्म ‘काला हिरण’ को लेकर भी चर्चा जारी है। फिल्म का अगला टीजर 17 जुलाई को यूट्यूब पर रिलीज किया जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *