रीवा/सतना। मध्य प्रदेश के सतना और रीवा जिले में एक वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) और उनकी कॉन्स्टेबल पत्नी के बीच का पारिवारिक विवाद अब थानों और कोर्ट के चक्कर काटते हुए बेहद संगीन मोड़ पर पहुंच गया है। सतना जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र में पदस्थ रेंजर बृजेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अपनी कॉन्स्टेबल पत्नी भारती उपाध्याय और दो अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ सरकारी आवास से गाड़ी, नगदी और मोबाइल चोरी करने की गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सरकारी आवास से XUV कार, कैश और आईफोन ले उड़ने का आरोप
रेंजर बृजेन्द्र कुमार पाण्डेय का आरोप है कि 16 जून 2026 की रात उनकी पत्नी भारती उपाध्याय दो अज्ञात पुरुषों के साथ उनके सरकारी आवास पर धमक पड़ीं। इसके बाद वे वहां खड़ी महिंद्रा XUV 3XO कार (नंबर MP13ZU6331), घर में रखे 2 लाख रुपए नकद और एक आईफोन लेकर रफूचक्कर हो गईं। बरौंधा थाना पुलिस अब रेंजर द्वारा लगाए गए इन आरोपों के सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। इस बड़े घटनाक्रम के बाद रेंजर बृजेन्द्र पाण्डेय का तबादला आनन-फानन में संजय टाइगर रिजर्व सीधी कर दिया गया है।
एक दिन पहले ही पत्नी ने होटल में प्रेमिका संग रंगे हाथों पकड़ा था
चोरी की इस वारदात से ठीक एक दिन पहले यानी 15 जून को रीवा के ‘होटल रॉयल इन’ में भारी हंगामा हुआ था। दरअसल, कॉन्स्टेबल पत्नी भारती को सूचना मिली थी कि उनके रेंजर पति किसी अन्य युवती के साथ होटल में रुके हैं। जब वे सीधे होटल के कमरे में पहुंचीं, तो रेंजर ने अंदर किसी के होने से साफ मना कर दिया, लेकिन तलाशी लेने पर कमरे में एक युवती मौजूद मिली। इसके बाद पत्नी ने युवती को बाहर निकालकर रेंजर के अवैध संबंधों को लेकर तीखी बहस शुरू कर दी।
सड़क पर हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा, डंपर में बैठकर भागे रेंजर
होटल के कमरे से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते होटल परिसर और फिर मुख्य सड़क तक आ गया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब हंगामा बहुत ज्यादा बढ़ गया, तो रेंजर और उनकी महिला मित्र अपनी जान छुड़ाकर वहां से गुजर रहे एक डंपर में बैठकर भाग निकले, जबकि पत्नी काफी देर तक सड़क पर हंगामा करती रहीं। इस मामले में रीवा के चोरहटा थाने में रेंजर और उनकी महिला मित्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
जेल से लेकर शादी और तलाक तक का सफर
रेंजर बृजेन्द्र कुमार का कहना है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। साल 2025 से रीवा के फैमिली कोर्ट में उनके तलाक का मामला भी लंबित है। रेंजर ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब वे शहडोल में पदस्थ थे, तब भारती उपाध्याय ने उन पर दुष्कर्म का केस दर्ज करवाकर उन्हें जेल भिजवा दिया था। रेंजर के मुताबिक, जब वे शहडोल जेल में बंद थे, तब भारती उनसे जबरन मिलने आती थी, जिसकी शिकायत जेल प्रबंधन ने एसपी से की थी। बाद में दोनों के बीच आपसी रजामंदी हुई और उन्होंने शादी कर ली, लेकिन अब यह रिश्ता पूरी तरह बिखर चुका है।




