रीवा। स्वास्थ्य विभाग ने रीवा और मऊगंज जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ते हुए नईगढ़ी के ग्राम इटहा कला में चल रहे ‘वोपी विश्वास’ नामक अवैध क्लीनिक को सील कर दिया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. यत्नेश त्रिपाठी के निर्देशन में हुई इस छापामार कार्रवाई में पाया गया कि यहाँ बिना किसी डिग्री या प्रशिक्षण के अप्रशिक्षित व्यक्तियों द्वारा मरीजों का उपचार कर उनकी जान से खिलवाड़ किया जा रहा था, जिसके बाद टीम ने मौके से भारी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं, इंजेक्शन और मेडिकल उपकरण जब्त कर संचालक के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
इसी कड़ी में गंगेव ब्लॉक के मित्र डेन्टल क्लीनिक और डॉ. प्रशांत तिवारी क्लीनिक की भी जांच की गई, जहाँ दस्तावेज सही मिलने के बावजूद बायोमेडिकल वेस्ट के नियम विरुद्ध निस्तारण पर उन्हें अंतिम चेतावनी दी गई। इस कार्यवाही के दौरान डॉ. के.बी. गौतम और ऋतुराज पाठक सहित पूरी मेडिकल टीम मौजूद रही।
सीएमएचओ ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी तरह की अवैध चिकित्सा गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए संदिग्ध संस्थानों पर यह प्रशासनिक प्रहार निरंतर जारी रहेगा।




