हाल ही में बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सादगी से रजिस्टर्ड शादी की। इसी बीच उनका एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने तीसरी शादी को लेकर अपनी सोच साझा की थी।
राज शमानी के पॉडकास्ट फिगरिंग आउट में आमिर ने बताया था कि एक समय उन्हें लगता था कि अब उनकी जिंदगी में दोबारा शादी की कोई संभावना नहीं है। उनकी उम्र बढ़ चुकी थी और उन्हें लगता था कि अब नया जीवनसाथी मिलना मुश्किल होगा।
आमिर ने बातचीत में कहा कि उसी दौरान उन्होंने थेरेपी शुरू की, जिससे उन्हें खुद को बेहतर तरीके से समझने का मौका मिला। उन्होंने महसूस किया कि किसी और से प्यार करने से पहले खुद से प्यार करना और खुद का सम्मान करना सबसे जरूरी है। इसी सोच ने उनकी जिंदगी में बड़ा बदलाव लाया।
एक्टर ने यह भी बताया कि गौरी स्प्रैट को वह करीब 25 साल से जानते थे। लंबे समय बाद दोनों की मुलाकात फिर से हुई और धीरे-धीरे उनकी दोस्ती एक मजबूत रिश्ते में बदल गई। आमिर के मुताबिक, उस वक्त उन्हें लगता था कि उन्हें किसी पार्टनर की जरूरत नहीं है, लेकिन वक्त के साथ दोनों के बीच गहरा जुड़ाव हो गया।
अगर आमिर खान की निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी पहली शादी 1986 में रीना दत्ता से हुई थी। इस रिश्ते से उनके दो बच्चे, जुनैद खान और इरा खान हैं। साल 2002 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद 2005 में आमिर ने फिल्ममेकर किरण राव से शादी की। साल 2011 में सरोगेसी के जरिए उनके बेटे आजाद राव खान का जन्म हुआ। हालांकि, 2021 में आमिर और किरण ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था।
अब गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बाद आमिर खान अपनी जिंदगी की नई शुरुआत को लेकर सुर्खियों में हैं।




