मऊगंज। मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी पति ने नवजात शिशु को जन्म देने के महज कुछ घंटों बाद ही अपनी प्रसूता पत्नी की बर्बरतापूर्वक पिटाई कर निर्मम हत्या कर दी। मृतका के शरीर पर लगी क्रूर और असामान्य चोटों को देखकर अस्पताल के चिकित्सकों के भी होश उड़ गए। हालत इतनी भयावह थी कि स्थानीय डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम करने की हिम्मत तक नहीं जुटाई और शव को गहन फॉरेंसिक जांच के लिए रीवा रेफर कर दिया।
मासूम बेटी के सामने हैवान बना पति, चिमटे से गोदकर ली जान
जानकारी के मुताबिक, मृतका आरती कोरी ने रविवार को ही अस्पताल में एक बेटी को जन्म दिया था। प्रसव के बाद उसी शाम पति अर्जुन कोरी अपनी पत्नी और नवजात बच्ची को अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर घर ले गया। लेकिन घर पहुँचते ही अर्जुन ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसने कथित तौर पर लोहे के जलते चिमटे से आरती पर ताबड़तोड़ वार किए और बुरी तरह पीटने के बाद उसके गले पर पैर रखकर उसे बेरहमी से कुचल दिया। यह पूरी खौफनाक वारदात उसकी छह साल की मासूम बड़ी बेटी के सामने होती रही, जो लाचार होकर अपनी माँ की चीखें सुनती रही और डरी-सहमी खड़ी रही।
अवैध संबंध के चलते वारदात को दिया अंजाम
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतका के भाई रामअनुग्रह कोरी ने पुलिस को दिए बयान में आरोपी पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाई का कहना है कि आरोपी अर्जुन कोरी का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। रविवार को भी इसी बात को लेकर हुए झगड़े में आरोपी ने नवजात बच्ची की माँ की दर्दनाक हत्या कर दी।
फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लिया। चिकित्सकों द्वारा शव की हालत देखकर रीवा फॉरेंसिक लैब भेजने के निर्णय के बाद, पुलिस अब फॉरेंसिक और विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। शाहपुर थाना पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आते ही आरोपी अर्जुन कोरी के खिलाफ हत्या सहित अन्य कड़ी और गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा। इस सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है।




