धार में 50 मजदूरों से भरा पिकअप स्कॉर्पियो से टकराया,16 की मौत,प्रधानमंत्री,मुख्यमंत्री ने दुख व्यक्त किया,एक साथ अंतिम संस्कार

धार। मध्य प्रदेश के धार में करीब 50 मजदूरों से भरा पिकअप वाहन टायर फटने से डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया, फिर सड़क के रॉन्ग साइड जाकर स्कॉर्पियो से टकराया। हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, 13 घायल हैं। मृतकों में 6 बच्चे शामिल हैं। एक्सीडेंट इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग के चिकलिया फाटा पर जियो पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे हुआ। इस हादसे में 9 महिलाएं, 2 पुरुष और 5 बच्चों की मौत हुई है। लगभग 8 से 10 बच्चे भी घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

सहायता राशि देने की घोषणा

इस हृदय विदारक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी घायलों के मुफ्त इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

मजदूरी कर घर लौट रहे लोग

मजदूरी कर घर लौट रहे इन लोगों को क्या पता था कि उनका यह सफर अंतिम साबित होगा। यह हादसा केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि कई परिवारों के सपनों के टूटने की कहानी है। सेमलीपुरा में गुरुवार को 4 महिलाओं का एक साथ एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। नयापुर में एक ही परिवार के 9 लोगों का भी एक साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *